उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन को संचार मंत्रालय और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की पहलों की जानकारी दी गई

उपराष्ट्रपति ने कनेक्टिविटी, नवोन्मेषण और क्षेत्रीय विकास में मंत्रालयों के प्रयासों की सराहना की

उपराष्ट्रपति ने बीएसएनएल के पुनरुद्धार और डाक सुधारों की सराहना की

उपराष्ट्रपति ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में त्वरित विकास की सराहना की

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री (डोनर) श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार के साथ आज संसद भवन में उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की।

उपराष्ट्रपति को संचार मंत्रालय और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (डोनर) की कार्यप्रणाली, प्रमुख पहलों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

श्री राधाकृष्णन को देश भर में दूरसंचार और इंटरनेट अवसंरचना के विस्तार तथा अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने और किफायती डेटा सेवाएं प्रदान करने की सरकार की कोशिशों से अवगत कराया गया, जिससे भारत के डिजिटल रुपातंरण को बढ़ावा मिलेगा।

उपराष्ट्रपति को विशाल डाक नेटवर्क और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक सहित नवीन परियोजनाओं के माध्यम से इसकी व्यापक पहुंच का लाभ उठाने के लिए मंत्रालय की पहलों के बारे में जानकारी दी गई। श्री राधाकृष्णन ने बीएसएनएल के पुनरुद्धार, डाक विभाग द्वारा आरंभ की गई नई पहलों और स्पीड पोस्ट प्रणाली के कुशल संचालन की सराहना की।

उपराष्ट्रपति को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की प्रमुख पहलों के बारे में जानकारी दी गई, जिनमें बजट आवंटन में वृद्धि, रेल और सड़क संपर्क का विस्तार, नए हवाई अड्डों का विकास, पर्यटन को बढ़ावा, पूर्वोत्तर निवेश शिखर सम्मेलनों का आयोजन, निजी निवेश में वृद्धि और क्षेत्र की जल विद्युत क्षमता का दोहन करने का प्रयास शामिल हैं।

श्री राधाकृष्णन ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास की तीव्र गति, नये अवसरों के सृजन तथा समग्र सुरक्षा स्थिति में सुधार पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Image

Image

Image