गोंडल में मचा सियासी घमासान। अल्पेश कथीरिया के काफिले पर हमला, जयराजसिंह जडेजा ने कांग्रेस पर लगाए आरोप।


राजकोट जिले के गोंडल में सियासी माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस अब सड़कों तक पहुँच गई है। गोंडल के पूर्व विधायक जयराजसिंह जडेजा के पुत्र गणेश जडेजा और सामाजिक कार्यकर्ता जिगिशा पटेल तथा अल्पेश कथीरिया के बीच बीते कुछ दिनों से तनातनी चल रही थी।


तीन दिन पहले गणेश जडेजा ने अपने विरोधियों को गोंडल आने की खुली चुनौती दी थी। इस चुनौती को स्वीकारते हुए आज अल्पेश कथीरिया और जिगिशा पटेल गोंडल पहुँचे।

लेकिन जैसे ही अल्पेश कथीरिया का काफिला शहर में दाखिल हुआ, उनकी कार पर हमला कर दिया गया। कार के शीशे तोड़ दिए गए और भारी अफरा-तफरी मच गई।


"आज साबित हो गया कि गोंडल अब मिर्जापुर बन चुका है। यहाँ कानून का नहीं, गुंडों का राज है।":- अल्पेश कथीरिया


"भाजपा को अगर ऐसे हथियारबंद गुंडों की जरूरत है, तो यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है।":- जिगिशा पटेल


वहीं इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए गोंडल के पूर्व विधायक जयराजसिंह जडेजा ने तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।


"गोंडल में गुंडाराज जैसी कोई बात नहीं है। अगर ऐसा कुछ होता है तो मैं सार्वजनिक जीवन छोड़ने को तैयार हूँ। इसके पीछे कांग्रेस और विरोधी ताकतों का षड्यंत्र है। मैं उन्हें चैलेंज देता हूँ कि वे चुनाव लड़ें, जनता उन्हें जवाब देगी।":- जयराजसिंह जडेजा


गोंडल की यह घटना अब तेजी से राजनीतिक रंग लेती जा रही है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे अपना समर्थन देती है और सच्चाई क्या सामने आती है।

लेख:- अमित राजपुत