स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति ने भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से  मुलाकात की

स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री पीटर पेलेग्रिनी ने आज (19 फरवरी 2026) राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति पेलेग्रिनी का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने पिछले वर्ष अपनी स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा की सुखद यादों को साझा किया और वहां मिले भव्य स्वागत व आतिथ्य के लिए उनका धन्यवाद किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/PR319022026RDAS.JPG

राष्ट्रपति ने 'एआई इम्पैक्ट समिट' में भागीदारी के लिए स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह भारत और विश्व के लिए एक निर्णायक क्षण है। यह शिखर सम्मेलन "लोग, ग्रह और प्रगति" (People, Planet, and Progress) के सिद्धांतों पर आधारित है, और एक ऐसे भविष्य की परिकल्पना करता है जहाँ एआई मानवता को आगे बढ़ाए और समावेशी विकास को बढ़ावा दे।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत "जनहित के लिए प्रौद्योगिकी" के सिद्धांत पर काम कर रहा है और इसी तर्ज पर इस शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य एआई को सभी के लिए सुलभ और लाभकारी बनाना है। उन्होंने रेखांकित किया कि एआई और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत-स्लोवाकिया सहयोग दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/PR41902202612ZN.JPG

राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि उच्च-स्तरीय जुड़ाव और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के साथ भारत-स्लोवाक गणराज्य के द्विपक्षीय संबंधों में मजबूती आई है। उन्होंने रेखांकित किया कि पिछले कुछ वर्षों में व्यापार, निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रक्षा सहयोग और जन-जन के बीच संबंधों में हमारी साझेदारी का निरंतर विस्तार हुआ है।

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि यह यात्रा भारत और स्लोवाक गणराज्य की विकसित होती द्विपक्षीय साझेदारी को गति प्रदान करेगी और इसमें डिजिटल सहयोग सहित नए आयाम जोड़ेगी।