कश्मीर के 48 पर्यटन स्थलों को बंद किया गया
पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सेना और अर्धसैनिक बलों द्वारा व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की आतंकी गतिविधियों को रोका जा सके। इसी क्रम में, केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए इन 48 पर्यटन स्थलों को अस्थाई रूप से आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद करने का निर्णय लिया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह सुरक्षा कारणों से लिया गया है। फिलहाल जिन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है, वहां पर्यटकों को नियंत्रित तरीके से प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
बंद किए गए प्रमुख स्थानों में बंगस, वेरीनाग, युसमार्ग और कई अन्य खूबसूरत वादियाँ शामिल हैं। इन इलाकों में आने-जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है।
पर्यटन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा बलों के लिए किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।
हालांकि, श्रीनगर, गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे लोकप्रिय और सुरक्षित पर्यटन स्थल खुले हैं, लेकिन वहां भी सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। हर आने-जाने वाले की कड़ी जांच की जा रही है।