राजस्थान में फिर जन्मा व्हाइट टाइगर
राजस्थान के रेतीले धोरों के बीच एक बार फिर प्रकृति ने अपनी अद्भुत लीला दिखाई है। जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में, बाघिन रानी ने एक बार फिर से इतिहास रच दिया है। , नाहरगढ़ की मशहूर बाघिन रानी ने इस बार पांच नन्हे शावकों को जन्म दिया है। और खास बात ये है कि इनमें से एक शावक सफेद रंग का है — एक और व्हाइट टाइगर का जन्म हुआ है!
यह पहला मौका नहीं है जब रानी ने व्हाइट टाइगर को जन्म दिया हो। करीब दस महीने पहले भी रानी ने चार शावकों को जन्म दिया था, जिनमें से दो शावक जीवित बचे, और उनमें से भी एक था शानदार व्हाइट टाइगर, जिसे आज सभी 'टाइगर भीम' के नाम से जानते हैं। व्हाइट टाइगर प्रकृति की एक दुर्लभ कृति हैं। इनका सफेद रंग जीन में हुए खास बदलाव के कारण होता है, जो इन्हें अन्य बाघों से अलग बनाता है।
नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क प्रशासन रानी और उसके नन्हे शावकों का विशेष ध्यान रख रहा है। रानी को एक अलग बाड़े में रखा गया है, जहां उसे भरपूर आराम और पोषण दिया जा रहा है। इन नन्हे मेहमानों के जन्म से नाहरगढ़ पार्क में खुशियों की लहर दौड़ गई है। आने वाले समय में ये शावक राजस्थान की जैव विविधता के संरक्षण में एक अहम भूमिका निभाएंगे।