पाक की नापाक करतूत: आतंकियों को बताया 'स्वतंत्रता सेनानी'
एक बार फिर पाकिस्तान ने अपनी नापाक मानसिकता का परिचय दिया है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर जहां दुनियाभर में पाकिस्तान की आलोचना हो रही है, वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने इन आतंकियों को 'स्वतंत्रता सेनानी' करार देकर ना सिर्फ भारत की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी आलोचना को न्यौता दिया है।
इशाक डार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत पर आरोप लगाया कि वह अपनी घरेलू राजनीति को चमकाने के लिए पाकिस्तान को बदनाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत कश्मीर मुद्दे को लेकर बार-बार पाकिस्तान पर उंगली उठाता है, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है।
इस बयान के सामने आने के बाद भारत में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान की यह नीति नई नहीं है — वह वर्षों से आतंकियों को संरक्षण देता आया है और अब उन्हें ‘स्वतंत्रता सेनानी’ कहना उसकी सोच को दर्शाता है।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले भी पाकिस्तान की दोहरी नीतियों की पोल खोली है, और एक बार फिर यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान आतंकवाद का पोषक रहा है।
भारत सरकार ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे निंदनीय और भड़काऊ बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के बयान सिर्फ आतंकवाद को बढ़ावा देने के प्रयास हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।