बलूचिस्तान में फिर भड़की बगावत, 10 सैनिकों की मौत 

 

बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से लगभग 30 किलोमीटर दूर पाकिस्तानी सेना के एक काफिले को निशाना बनाते हुए बलूच लिबरेशन आर्मी ने रिमोट कंट्रोल्ड बम से हमला किया। इस हमले में अब तक दस पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

बलूच लिबरेशन आर्मी ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए एक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है— “यह हमला हमारी आज़ादी की जंग का हिस्सा है। हम बलूच लोगों के अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ये ऑपरेशन भविष्य में भी जारी रहेंगे।”

बलूच लिबरेशन आर्मी, जिसे पाकिस्तान एक आतंकी संगठन मानता है, खुद को बलूचिस्तान की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाला संगठन बताता है। यह संगठन दशकों से पाकिस्तान सरकार के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष कर रहा है।

बता दें कि यह कोई पहला हमला नहीं है। पिछले महीने ही बलूच लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तान की जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। उस घटना में भी बलूच लिबरेशन आर्मी ने दावा किया था कि उन्होंने 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया।