अचानक लोगों को एकसाथ उल्टी-दस्त ; सूरत की सोसायटी मे मचा हड़कंप
सूरत के वार्ड नंबर 17 में स्थित प्रमुखछाया सोसाइटी में एक ही सोसायटी के लगभग 15 से 17 लोगों को अचानक उल्टी-दस्त जैसी शिकायतें होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विपक्ष नेता धर्मेशभाई भंडेरी और स्थानीय कॉर्पोरेटर विपुलभाई सुहागिया तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लेकर नगर निगम के अधिकारियों को सूचित किया।
तत्काल स्वास्थ्य विभाग, ड्रेनेज विभाग और जल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचाई गईं। निगम के डॉक्टरों द्वारा प्रभावित लोगों की जांच की गई और ज़रूरतमंदों को तत्काल दवाइयाँ दी गईं। साथ ही डॉक्टरों ने लोगों को उचित स्वास्थ्य सुझाव भी दिए।
शंकास्पद जलस्रोतों की जांच के लिए पानी के नमूने लिए गए और यह देखा गया कि कहीं जल आपूर्ति में गंदा पानी तो नहीं मिल रहा। ड्रेनेज लाइन की भी जांच की गई ताकि यह पता चल सके कि कहीं से सीवेज का रिसाव तो नहीं हो रहा। इसके अलावा, पूरे क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें नल-लाइनों की सफाई, क्लोरीनेशन और कीटनाशक छिड़काव जैसे कदम उठाए गए।
अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उन्हें भयमुक्त रहने और किसी भी लक्षण के दिखते ही तुरंत स्वास्थ्य सहायता लेने की अपील की। नगर निगम द्वारा इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।