शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत आईं पाकिस्तानी महिलाएं वापस भेजी गईं, गृहमंत्री के निर्देशों के बाद बुलंदशहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


 बुलंदशहर में शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत आईं चार पाकिस्तानी महिलाओं को वापस भेज दिया गया है। यह कार्रवाई केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के निर्देशों के बाद की गई है।

दरअसल, शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उच्च अधिकारियों के साथ हुई एक अहम बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की गहन जांच की जाए और यदि आवश्यक हो तो उन्हें तत्काल प्रभाव से देश वापस भेजा जाए।

इन्हीं आदेशों के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस भी एक्शन मोड में नजर आ रही है। बुलंदशहर पुलिस ने चार पाकिस्तानी महिलाओं की पहचान की, जो पिछले कुछ समय से शॉर्ट टर्म वीजा पर यहां रह रही थीं। स्थानीय पुलिस ने वीजा शर्तों की जांच के बाद इन महिलाओं का वीजा रद्द कर दिया और उन्हें वापस पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया पूरी की।

एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि केवल लॉन्ग टर्म वीजा और डिप्लोमेटिक वीजा धारकों को इस कार्रवाई से छूट दी गई है। शॉर्ट टर्म वीजा पर आए अन्य पाकिस्तानी नागरिकों की भी समीक्षा की जा रही है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।

यह कदम देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और वीजा शर्तों के उल्लंघन को रोकने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब ऐसे सभी मामलों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।